‘BJP के नेता का बेटा 8 करोड़ रुपए के साथ पकड़ा गया और गिरफ्तार सिसोदिया को किया’: अरविंद केजरीवाल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (04/03/2023): कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज शनिवार को कर्नाटक के दावणगेरे पहुंचे। वहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया और आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। साथ ही भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। इस मौके पर उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहे।

अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि “BJP के एक नेता का बेटा 8 करोड़ रुपए के साथ पकड़ा गया। उसे गिरफ़्तार नहीं किया है, हो सकता है अगले साल उसको पद्म भूषण दे दें। 8 करोड़ रुपए उसके घर से मिले और गिरफ़्तार मनीष सिसोदिया को किया। मनीष सिसोदिया के घर पर रेड मारी कुछ नहीं मिला।”

बता दें कि कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी के विधायक मदल विरुपक्षप्पा के बेटे प्रशांत कुमार को 40 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में पकड़ा गया था। इसके बाद विधायक के बेटा प्रशांत कुमार के घर पर छापेमारी किया गया। इस दौरान उनके घर से छह करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद किया गया था।