त्रिपुरा विधानसभा चुनाव: त्रिपुरा के CM डॉ. माणिक साहा का दावा, भाजपा बनाएगी बहुमत की सरकार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (02/03/2023): त्रिपुरा में हुए विधानसभा चुनाव का आज परिणाम आने वाला है, जिसपर सभी की निगाहें टिकी हुई है। आज सुबह 8 बजे से मतों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी बहुमत का आंकड़ा पार कर चुकी हैं। वहीं अब त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि नतीजे बताते हैं कि बीजेपी फिर से बहुमत की सरकार बनाएगी।

उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि “हमने पहले ही बोला थी कि भाजपा बहुमत की सरकार बनाएगी। मैं PM मोदी, अमित शाह, जे.पी. नड्डा और राजनाथ सिंह जी का धन्यवाद करता हूं। हम चुनाव के बाद की समीक्षा करेंगे कि जितनी सीट आनी चाहिए उतनी क्यों नहीं आईं। शपथ ग्रहण की तारीख केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा।”

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा 1 सीट जीतकर 32 सीटों पर आगे चल रही है। टिपरा मोथा पार्टी 11 सीटों पर, कांग्रेस 4 सीटों पर आगे चल रही है और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) 11 सीटों पर आगे चल रही है।

बता दें कि त्रिपुरा के 60 विधानसभा सीटों पर 16 फरवरी को मतदान हुआ था।।