दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर सीएम केजरीवाल और एलजी के बीच ट्विटर पर जंग जारी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (24/02/2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के बीच वार छिड़ गया है। कल यानी बृहस्पतिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर पर दिल्ली के नेब सराय थाना क्षेत्र के फ्रीडम फाइटर एन्क्लेव में 75 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या की एक खबर को शेयर कर दिल्ली के कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। साथ ही उन्होंने दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार के लिए ‘कुछ करने’ का आग्रह दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से किया है।

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट में लिखा है, “माननीय एलजी साहब, कृपया शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति के बारे में कुछ करें। लोगों को दुख हुआ जब आपने कल कहा कि आप दिल्ली की कानून व्यवस्था से संतुष्ट हैं।”

बता दें कि दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने मंगलवार को दिल्ली पुलिस के उपायुक्तों के साथ बैठक किया था और उन्होंने दिल्ली पुलिस के कामकाज को लेकर नाराजगी जताया था। उसके एक दिन बाद यानी बुधवार से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के बीच ट्विटर पर वार-पलटवार का सिलसिला शुरू हो गया है।