पवन खेड़ा की गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर साधा निशाना, पढ़ें ये रिपोर्ट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (23/02/2023): असम पुलिस ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को गिरफ्तार किया है। इस मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार भारतीय जनता पार्टी पर हमला कर रही है। इसी कड़ी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत और अन्य नेता भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि “विपक्ष संसद में मुद्दे उठाए तो नोटिस दिया जाता है। महाधिवेशन के पहले छतीसगढ़ के हमारे नेताओं पर ED का रेड कराया जाता है। आज मीडिया चेयरमेन को जहाज़ से ज़बरदस्ती उतारकर गिरफ़्तार किया गया। भारत के लोकतंत्र को मोदी सरकार ने हिटलरशाही बना दिया। हम इस तानाशाही की घोर निंदा करते हैं।”

तो वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि “दिल्ली से रायपुर कांग्रेस अधिवेशन में भाग लेने जाते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री पवन खेड़ा को असम पुलिस ने फ्लाइट से उतार दिया। ऐसी कौनसी इमरजेंसी थी कि असम पुलिस ने दिल्ली आकर ये कृत्य किया? पहले रायपुर में ED के छापे एवं अब ऐसा कृत्य BJP की बौखलाहट दिखाता है। यह निंदनीय है।”

कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि “हेमंत बिस्वा सरमा जी ने असम में एक फर्जी FIR दर्जकर पवन खेड़ा को गिरफ्तार करवाया है। पवन खेड़ा का कसूर क्या है? हम इसके खिलाफ कानूनी तरीके और राजनीतिक तरीके से लड़ेंगे।”

बता दें कि आज सुबह कांग्रेस नेता पवन खेड़ा दिल्ली से रायपुर कांग्रेस अधिवेशन में भाग लेने के लिए जा रहे थे। लेकिन उन्हें असम पुलिस के अनुरोध पर दिल्ली हवाईअड्डे पर विमान में सवार होने से रोक दिया गया था।