“यह बोल कौन रहा है जो…” दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष सुनील यादव ने केजरीवाल पर किया पलटवार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (15/02/2023): ब्रिटिश ब्रॉडकास्टर्स कॉरपोरेशन (बीबीसी) के दिल्ली और मुंबई स्थित दफ्तर में इनकम टैक्स के सर्वे को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि जो भी भाजपा के ख़िलाफ़ बोलता है उसके पीछे ये लोग IT, CBI और ED को छोड़ देते हैं। वहीं अब केजरीवाल के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष सुनील यादव ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बोल कौन रहा है जो दिल्ली विधानसभा में मीडिया पर बैन लगाता है, नेताओं और अधिकारियों की जासूसी करवाता है।

भाजपा के उपाध्यक्ष सुनील यादव ने ट्वीट में कहा है, “यह बोल कौन रहा है जो दिल्ली विधानसभा में मीडिया पर बैन लगाता है, नेताओं और अधिकारियों की जासूसी करवाता है। देश की छवि को खराब करने के लिए जो तथाकथित लॉबी काम करती है, देश के प्रधानमंत्री जी के खिलाफ एजेंडा चलाती है अगर उनकी एजेंसियां जांच करती हैं तो देशविरोधियों को दस्त लग गए हैं।”

बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट में कहा था, “मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ है, मीडिया की स्वतंत्रता पर हमला जनता की आवाज़ दबाने के बराबर है। साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कहा था कि जो भी भाजपा के ख़िलाफ़ बोलता है उसके पीछे ये लोग IT, CBI और ED को छोड़ देते हैं। क्या भाजपा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संस्थाओं को कुचलकर पूरे देश को अपना गुलाम बनाना चाहती है?”