BBC दफ्तर पर IT की रेड, AAP बोली पूरे भारत के लोकतंत्र पर हमला

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (15/02/2023): बीबीसी डॉक्युमेंट्री को हिंदुस्तान में बैन करने के बाद इसपर जमकर सियासत हो रही है। बीबीसी के दफ्तर पर कल इनकम टैक्स की रेड पड़ी। इसे लेकर मोदी सरकार पर विपक्ष हमलावर हो गई है। तमाम विपक्षी पार्टियां ने इसकी कड़ी निंदा की है और कहा है कि लोकतंत्र की हत्या की जा रही है हिंदुस्तान के अंदर।

इस बीच आम आदमी पार्टी की नेता अतिशी ने कहा कि बीबीसी पर रेड डालकर मोदी सरकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को धमका रही है कि अगर सरकार के खिलाफ कुछ लिखा-दिखाया तो वो नहीं बचेंगे। दुनिया के प्रसिद्ध‌ मीडिया हाउस बीबीसी पर इनकम टैक्स की रेड पूरे भारत के लोकतंत्र पर हमला है। मीडिया लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ है। आज बीजेपी शासित केंद्र सरकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला कर रही है।‌ यह पूरी मीडिया को संदेश है कि अगर तुमने बीजेपी और पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ कुछ दिखाया तो तुम्हें हम ऐसे ही साफ कर देंगे।

आतिशी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की गुजरात-दिल्ली दंगों में भूमिका को लेकर बीबीसी द्वारा बनाई गई डॉक्यूमेंट्री को भाजपा ने बैन करवा दिया, ताकि भारत में कोई डॉक्यूमेंट्री को देख ना पाए। ग्लोबल इंडेक्स ऑफ प्रेस फ्रीडम में 180 देशों में से भारत 150वे नंबर पर है। पूरी दुनिया आज भारत के लोकतांत्रिक होने पर सवाल उठा रही है। भाजपा बताए कि वह भारत की क्या इमेज पूरी दुनिया के सामने पेश कर रही है? इतिहास गवाह है कि आप कुछ समय तक लोगों की आवाज दबा सकते हैं लेकिन आप हमेशा हर व्यक्ति की आवाज को नहीं दबा सकते हैं।

आतिशी ने कहा कि मैं बीजेपी से अपील करूंगी कि इस तरह मीडिया को डराया-धमकाया न जाए और दुनिया के सामने भारत की छवि को धूमिल न किया जाए। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में जानी-मानी न्यूज ऑर्गेनाइजेशन बीबीसी के दिल्ली और मुंबई दफ्तर पर भारतीय जनता पार्टी शासित केंद्र सरकार ने इनकम टैक्स की रेड की है। यह कहने में तो छोटी सी बात लगती है। ऐसा हो सकता है कि कुछ कागजों में गड़बड़ी हो या कुछ इनकम ठीक से दिखाई ना हो। लेकिन यह सिर्फ एक आम इनकम टैक्स रेड नहीं है।

यह केवल बीबीसी पर हमला नहीं है। जिस तरह से बीबीसी पर इनकम टैक्स की रेड हुई है, यह भारत के लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। हम गर्व से कहते हैं कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है। जब हम किसी लोकतंत्र की बात करते हैं तो लोकतंत्र में कई स्तंभ होते हैं, जो मिलकर किसी भी देश को लोकतंत्र बनाते हैं। हम बचपन से अपनी सिविक्स की किताबों में पढ़ते आए हैं कि लोकतंत्र में एक लेजिस्लेचर होती है, जिसमें लोग चुनकर भेजते हैं। एक एग्जीक्यूटिव और ज्यूडिशरी होती है। ये तीनों लोकतंत्र के स्तंभ एक दूसरे को बैलेंस में रखते हैं। तभी एक देश लोकतांत्रिक कहलाता है। लेकिन किसी भी लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण व चौथा स्तंभ मीडिया होता है।

उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ इसलिए होता है क्योंकि वो स्वतंत्र होता है। लोकतंत्र में आपके चुने हुए प्रतिनिधि कोई गलती करें तो मीडिया उस पर आवाज उठा सकता है। अगर आपकी अफसरशाही या कोर्ट ठीक फैसला न करे तो मीडिया उस पर आवाज उठा सकता है। इसलिए एक स्वतंत्र मीडिया को लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ माना जाता है। लेकिन आज जिस तरह से बीबीसी पर इनकम टैक्स की रेड हुई है, यह दिखा रहा है कि आज भारतीय जनता पार्टी शासित केंद्र सरकार, लोकतंत्र के इस चौथे स्तंभ पर हमला कर रही है।

विधायक आतिशी ने कहा कि आखिर बीबीसी पर रेड क्यों हुई? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की गुजरात के दंगों और दिल्ली के दंगों में क्या भूमिका रही है। इसपर बीबीसी द्वारा बनाई गई डॉक्यूमेंट्री की आज पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है। सबसे पहले भारतीय जनता पार्टी शासित केंद्र सरकार ने उस डॉक्यूमेंट्री को सोशल मीडिया और वेबसाइट से बैन करवा दिया, ताकि भारत में कोई देख ना पाए। यह सबसे पहली सेंसरशिप थी जो बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर भारतीय जनता पार्टी शासित केंद्र सरकार ने की।

आज भारतीय जनता पार्टी शासित केंद्र सरकार बीबीसी को इनकम टैक्स रेड के माध्यम से धमका रही है कि अगर तुमने हमारी सरकार के खिलाफ कुछ लिखा या कुछ दिखाया तो बीबीसी जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्था भी नहीं बच सकती। आज की यह इनकम टैक्स रेड सिर्फ बीबीसी पर एक रेड नहीं है। यह पूरी मीडिया को एक धमकी और एक संदेश है कि अगर तुमने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के खिलाफ कुछ दिखाया तो तुम्हें भी हम ऐसे ही साफ कर देंगे।।