BBC के दफ्तर में IT सर्वे को लेकर अरविंद केजरीवाल ने BJP पर साधा निशाना, पढ़े पूरी रिपोर्ट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (15/02/2023): ब्रिटिश ब्रॉडकास्टर्स कॉरपोरेशन (BBC) के दिल्ली और मुंबई स्थित दफ्तरों में दूसरे दिन भी इनकम टैक्स का सर्वे जारी है। इस मामले को लेकर अब राजनीति शुरू हो गई है और विपक्षी पार्टियां केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साध रहे हैं। इस मुद्दे पर अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया सामने आई है।

अरविंद केजरीवाल ने आज बुधवार को ट्वीट कर कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ है, मीडिया की स्वतंत्रता पर हमला जनता की आवाज़ दबाने के बराबर है। अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि जो भी भारतीय जनता पार्टी के ख़िलाफ़ बोलता है उसके पीछे ये लोग IT, CBI और ED को छोड़ देते हैं। साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या भाजपा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संस्थाओं को कुचलकर पूरे देश को अपना गुलाम बनाना चाहती है?

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट में लिखा है, “मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ है, मीडिया की स्वतंत्रता पर हमला जनता की आवाज़ दबाने के बराबर है। जो भी भाजपा के ख़िलाफ़ बोलता है उसके पीछे ये लोग IT, CBI और ED को छोड़ देते हैं। क्या भाजपा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संस्थाओं को कुचलकर पूरे देश को अपना गुलाम बनाना चाहती है?”