निक्की यादव हत्याकांड: आरोपी को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (15/02/2023): राजधानी दिल्ली के बाबा हरिदास नगर थाना इलाके में एक युवक ने लिव-इन पार्टनर की हत्या कर शव को ढाबे के फ्रीजर में छुपा दिया। इस मामले में दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने कल यानी मंगलवार को नजफगढ़ के मित्रांव गांव के एक ढाबे के फ्रिज से उस लड़की का शव बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं आरोपी युवक की पहचान साहिल गहलोत के तौर पर और मृतका लड़की की पहचान निक्की यादव के तौर पर हुई है। वहीं आज निक्की यादव के शव को दिल्ली के राव तुलाराम मेमोरियल अस्पताल से दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। दिल्ली की एक अदालत ने आरोपी साहिल गहलोत को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है।

इस मामले में जानकारी देते हुए न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने बताया कि “आरोपी साहिल गहलोत को कल दिल्ली की अदालत में पेश कर 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। उसे कल दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया था।”

वहीं निक्की यादव के पिता सुनील यादव ने आरोपी के लिए मौत की सजा की मांग की है। उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि “हमें घटना के बारे में कल सुबह पता चला। मेरी बेटी से साथ अन्याय हुआ है। मैं चाहता हूं कि उसे मौत की सजा मिले।”

इस मामले में जानकारी देते हुए कल यानी मंगलवार को दिल्ली के क्राइम ब्रांच के डीसीपी सतीश कुमार ने बताया था कि “साहिल गहलोत नाम के एक व्यक्ति का एक महिला निक्की यादव से मित्रता थी दोनों 2018 से एक दूसरे को जानते थे। उनकी 10 फरवरी को शादी होने वाली थी। 9 फरवरी को इन दोनों के बीच बहस हुई और साहिल ने निक्की की मोबाइल केबल से गला घोंट कर हत्या कर दी। उसके बाद साहिल ने उसके शरीर को अपने खेतों में बने एक ढाबे के फ्रीज में डाल दिया और लॉक लगा दिया। साहिल की शादी कही और हो गई थी इसी वजह से दोनों के बीच बहस हुई। शव का पोस्टमार्टम होगा फिर और चीजें पता चलेंगी।”