NDMC के 4500 कर्मचारियों को केंद्र सरकार ने किया पक्का, अरविंद केजरीवाल ने जताया आभार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (10/02/2023): दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के टकराव के बीच केंद्र सरकार ने नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के 4,500 ‘RMR’ कर्मचारियों को पक्का कर दिया है। इस बात की जानकारी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके दिया है। साथ ही अरविंद केजरीवाल ने खुशी जाहिर करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट में लिखा है, “NDMC के 4,500 RMR कर्मचारियों को पक्का कराने के लिए उनके साथ मिलकर लंबा संघर्ष किया। अंततः MHA ने इन्हें पक्का कर दिया। इसके लिए केंद्र सरकार का आभार। सभी कर्मचारियों को बहुत बहुत बधाई।”

बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) के 4,500 ‘RMR’ कर्मचारियों को नियमित करने की मांग को लेकर केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को कई बार पत्र लिख चुके हैं। कुछ दिन पहले भी अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर इन कर्मचारियों को पक्का करने की मांग की था। वहीं अब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) के 4,500 कर्मचारियों को नियमित किए जाने के बारे में सूचित किया है। इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से एक बयान जारी करके दिया गया है।।