भारतीय जीव जन्तु कल्याण बोर्ड की अपील | 14 फरवरी को वेलेंटाइन डे मनाने के बजाय मनाएं…

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (09/02/2023): दुनिया भर में आमतौर पर 14 फरवरी को वेलेंटाइन डे मनाया जाता है। लेकिन इस साल भारतीय जीव जन्तु कल्याण बोर्ड ने नोटिस जारी कर एक अनोखा अपील किया है। भारतीय जीव जन्तु कल्याण बोर्ड ने 14 फ़रवरी को ‘गौ आलिंगन दिवस’ (काउ हग डे) मनाने का अपील किया है। बोर्ड का मानना है कि इससे लोगों में गायों के प्रति भावनात्मक समृद्धि आएगी और साथ ही ये व्यक्तिगत और सामूहिक खुशी को भी बढ़ाएगा।

भारतीय जीव जन्तु कल्याण बोर्ड ने नोटिस में कहा कि “हम सभी जानते हैं कि गाय भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, हमारे जीवन को संवारती है तथा पशु धन और जैव विविधता का प्रतिनिधित्व करती है। मानवता को सर्वस्व प्रदान करने वाली माँ के समान पोषक प्रकृति के कारण इसे “कामधेनु” और “गौमाता” के रूप में जाना जाता है। समय के साथ पश्चिम संस्कृति की प्रगति के कारण वैदिक परंपराएं लगभग विलुप्त होने के कगार पर हैं। पश्चिमी सभ्यता की चकाचौंध ने हमारी भौतिक संस्कृति और विरासत को लगभग भुला सा दिया है।”

भारतीय जीव जन्तु कल्याण बोर्ड ने कहा कि “गाय के अपार लाभों को देखते हुए गाय को गले लगाने से भावनात्मक समृद्धि आएगी और हमारे व्यक्तिगत और सामूहिक सुखों में वृद्धि होगी। इसलिए सभी गौ प्रेमी भी गौ माता के महत्व को ध्यान में रखते हुए 14 फरवरी को “गौ आलिंगन दिवस” (काउ हग डे) के रूप में मनाएं और जीवन को खुशहाल और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर बनाएं। यह सक्षम प्राधिकारी के अनुमोदन और पशुपालन और डेयरी विभाग, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के निर्देश पर जारी किया जाता है।”