राजधानी में जुटे देशभर के ब्राह्मण सांसद | कर दिया बड़ा ऐलान

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (08/02/2023): ब्राह्मण समाज की एकता, समरसता, स्वाभिमान के संवाहक राष्ट्रीय संगठन “विप्र सेना” द्वारा वर्ष 2024 तक देश के 4 राज्यों में ‘ब्राह्मण महापंचायत’ का आयोजन किया जाएगा। महापंचायत के माध्यम से आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में समाज के उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व की मांग उठाई जाएगी।

इसी रणनीति पर विचार के लिए दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आज देश के विभिन्न राज्यों के एक दर्जन से अधिक सांसदों और विप्र सेना के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की एक बैठक हुई। इस बैठक में आगामी 19 मार्च को जयपुर, राजस्थान में आयोजित की जा रही पहली ‘ब्राह्मण महापंचायत’ के पोस्टर का भी विमोचन किया गया।

इस अवसर पर विप्र सेना प्रमुख सुनील तिवाड़ी ने बताया कि संगठन 4 राज्यों में ‘ब्राह्मण महापंचायत’ का आयोजन करेगा। राजस्थान के बाद हरियाणा, झारखंड और गुजरात में भी ‘ब्राह्मण महापंचायत’ आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि विप्र सेना अपने सामाजिक और राजनीतिक एजेंडे को लेकर समाज के हर व्यक्ति तक पहुंचने में जुटी है। गत 2 साल में संगठन के माध्यम से एक दर्जन प्रकल्प शुरू किए गए, जिनका लाभ हजारों विप्र बंधुओं को मिला भी है।

‘ब्राह्मण महापंचायत’ का उद्देश्य है कि केंद्र सरकार मंदिर माफी भूमि रेगुलेशन एक्ट बनाए और मंदिर माफी की जमीनों पर कब्जे ओर पुजारियों पर हमले को गैर जमानती अपराध घोषित करे। इसके साथ केंद्र सरकार विप्र कल्याण आयोग का गठन करें। निजी क्षेत्र में आरक्षण लागू करने को कोशिशों पर रोक लगे। और ब्राह्मण बाहुल्य सीटों पर ब्राह्मण समाज को ही राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिले।

विप्र सेना प्रदेश अध्यक्ष दिनेश दादिया ने बताया राजस्थान में तैयारियां चरम पर है। 19 मार्च 2023 को जयपुर में होने वाली विप्र सेना की ब्राह्मण महापंचायत के लिए तैयारियां चरम पर हैं। प्रदेशभर में सामाजिक समागमों, बैठकों और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाजबंधुओं को ब्राह्मण महापंचायत में आने का निमंत्रण दिया जा रहा है। जैसे-जैसे महापंचायत का समय नजदीक आ रहा है, आयोजनों की गति भी तेज हो रही है। इसी क्रम में प्रदेशभर में करीब 2 हजार किलो पीले चांवलों के माध्यम से गणेश निमंत्रण दिया जाएगा। प्रदेशभर में फैले विप्र सेना के कार्यकर्ता अधिक से अधिक समाजबंधुओं के घरों पर जाकर उन्हें पीले चांवल देकर महापंचायत में आने का निमंत्रण देंगे।

ब्राह्मण महापंचायत में युवाओं की बढ़-चढ़कर भागीदारी होगी। महापंचायत से पहले प्रदेश के प्रमुख शहरों में एक ही दिन, एक ही समय वाहन रैलियां निकाली जाएंगी। जिनमें हजारों की संख्या में युवा भाग लेंगे। विप्र सेना के इस समागम से युवाओं को जोड़ने के लिए प्रदेश भर से युवाओं का सदस्यता अभियान चलाया गया। जिसमें करीब 5 हजार युवाओं को सक्रिय सदस्यता प्रदान की गई है। जो इस महापंचायत को सफल बनाने के लिए प्रदेशस्तर पर जनसंपर्क कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश की सभी 200 विधानसभाओं में नए सिरे से युवा प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

ब्राह्मण महापंचायत के माध्यम से विप्र समाज जहां एक तरफ हिंदू समाज के एकीकरण की बात करेगा, वहीं यह कार्यक्रम सामाजिक सद्भाव की मिसाल भी बनेगा। इसी के तहत संभाग स्तर पर और जिला स्तर पर ब्राह्मण समाज के विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं, ताकि लोगों से ब्राह्मण महापंचायत में जुड़ने का आह्वान किया जा सके। इसके अलावा ब्राह्मण महापंचायत के मंच से सभी समाजों की प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। आयोजिन के लिए एक दर्जन समितियों का गठन किया गया है, जो इस आयोजन में सहयोग कर रही हैं। जिला स्तर पर भी विप्र सेना की इकाईयों की कमेटियां बनाकर तैयारियां शुरू की गई है।।