दिल्ली की बसों में तैनात मार्शलों को लेकर सीएम केजरीवाल ने किया ट्वीट | जानें क्या है पूरा मामला

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (06/02/2023): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने डीटीसी बस में तैनात मार्शलों की तारीफ करते हुए कहा कि मुझे अपने बस मार्शलों पर गर्व है। दरअसल डीटीसी बस के अंदर जेबकतरों ने एक एक यात्री के 5000 रुपये चुरा लिया था। बस में मौजूद मार्शल ने जेबकतरों से पैसे निकलवाकर यात्री को सकुशल लौटा दिया। दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने आज सोमवार को इसका वीडियो ट्विटर पर शेयर करते हुए ट्वीट किया है।

वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट में कहा है, “मुझे अपने बस मार्शलों पर गर्व है जो हर रोज बस यात्रियों को सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं।”

परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने ट्वीट में कहा है, “डीटीसी बस में मार्शल के रूप में तैनात प्रदीप प्रशंसा के पात्र हैं। इन्होंने बड़ी मुस्तैदी से ड्यूटी करते हुए एक यात्री के 5000 रुपये जेबकतरों से निकलवाकर यात्री को सकुशल लौटाए। हमारी बसों में तैनात सभी मार्शल रोज़ाना इसी तरह यात्रियों की सेवा करते हैं। हमें इन पर गर्व है।”

वीडियो में देखा जा सकता है कि बस मार्शल उस यात्री को पैसे देता हुआ नजर आ रहा है जिस यात्री के पैसे चोरी हुए थे। साथ ही उस यात्री से कोई सवाल कर रहा है कि कितने पैसे चोरी हुए थे? इसके जवाब में यात्री ने कहा कि 5000 रुपए और बाकी खुले पैसे चोरी हुआ है।