सीएम ने पटपड़गंज गाँव में 110 लाख लीटर क्षमता के UGR और बूस्टर पम्पिंग स्टेशन का किया उद्घाटन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (29/01/2023): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज रविवार को पटपड़गंज गांव में 110 लाख लीटर क्षमता का UGR और बूस्टर पम्पिंग स्टेशन का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में डीजेबी के अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी शामिल हुए। इससे लगभग 1 लाख लोगों को बेहतर जलापूर्ति मिलेगी। इसके लिए अरविन्द केजरीवाल ने सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नए UGR से पानी के प्रेशर और सप्लाई की बड़ी दिक्कत का आज समाधान हुआ। 1 लाख लोगों की ज़िंदगी इस UGR से बेहतर होगी।

अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि आज 12वां UGR बनकर तैयार हुआ है। पानी की समस्या को लेकर हम लोग बहुत तेजी से काम कर रहे हैं। दिल्ली की आबादी बहुत तेजी से बढ़ी है। मैं ये नहीं कहूंगा कि पिछली सरकारों ने काम नहीं किया, पिछली सरकारों ने भी काम किया और हम भी काम कर रहे हैं। लेकिन जितनी तेजी से आबादी बढ़ी, उतनी तेजी से काम हुआ नहीं पिछले 70-75 सालों में। अब कितनी तेजी से काम हो रहा है। दिल्ली देश की राजधानी है तो राजधानी के अंदर बेस्ट से बेस्ट पानी की सप्लाई होना चाहिए‌। पहले पानी की हालत दिल्ली में बहुत खराब थी, हम उसमें काफी सुधार करने की कोशिश कर रहे है।

उन्होंने बताया कि 2015 में 861 MGD पानी बनता था और 2023 में 990 MGD पानी बनता है। हम बहुत एक्सपेरिमेंट किए है उसके आधार पर हमने 129 MGD पानी पिछले 7 सालों में बढ़ाया है। 3 नए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पिछले 7 सालों में बनाए हैं। पहला द्वारका में 50 MGD दूसरा बवाना में 20 MGD और तीसरा ओखला में 20 एमजीडी बनाया हैं। एक नागलोई में रीसाइक्लिंग प्लांट बनाया है। 500 बड़े नलकूप बनाए हैं। पूरी दिल्ली के अंदर 2250km पाइपलाइन बिछाई है।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 1997 में दिल्ली की आबादी 80 लाख था और पानी की आवश्यकता 800/850 MGD तय की गई। 1997 में दिल्ली की आबादी 2.5 करोड़ है। लेकिन दिल्ली को मिलने वाला पानी नहीं बढ़ाया। हमारा केंद्र सरकार से अपील है कि 1300 MGD पानी दे दो, मैं दिल्ली वालों को 24×7 पानी दे दूंगा। साथ ही साथ हम अपने प्रयास जारी रखेंगे।

पानी बिलों की समस्या पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले कुछ महीनों के अंदर DJB के अंदर मीटर रीडिंग और पानी के बिलों को बनाने की समस्या आई है जिसके कारण पानी के बिल बहुत गड़बड़ आए हैं। आप चिंता मत करना, जिनके पानी के बिल ठीक आए हैं, वो भर दें और जिनके बिल ठीक नहीं आए हैं, वो थोड़ा इंतज़ार कर लें। हम पानी के बिल ठीक करने के लिए जल्द ही एक योजना लाने जा रहे हैं।।