बीबीसी डॉक्यूमेंट्री को लेकर हंगामा, DU में जांच के लिए सात सदस्यीय पैनल का गठन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (28/01/2023): बीबीसी डॉक्यूमेंट्री इंडिया: द मोदी क्वेश्चन की स्क्रीनिंग को लेकर कला संकाय के बाहर कल यानी शुक्रवार को हंगामा किया गया था। इसकी जांच के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय ने आज शनिवार को 7 सदस्यीय पैनल का गठन किया है।

डीयू प्रॉक्टर रजनी अब्बी की अध्यक्षता वाली इस समिति को 30 जनवरी को शाम 5 बजे तक अपनी रिपोर्ट कुलपति योगेश सिंह को सौंपने को कहा गया है। इसके अलावा समिति में वाणिज्य विभाग के प्रोफेसर अजय कुमार सिंह, संयुक्त प्रॉक्टर प्रोफेसर मनोज कुमार सिंह, सामाजिक कार्य विभाग के प्रोफेसर संजय राय, हंसराज कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर रामा, किरोड़ीमल के प्राचार्य प्रोफेसर दिनेश खट्टर और मुख्य सुरक्षा अधिकारी गजे सिंह शामिल हैं।

अधिसूचना में कहा गया है, “समिति विशेष रूप से 27 जनवरी, 2023 की घटना पर गौर कर सकती है, जो कला संकाय के बाहर और दिल्ली विश्वविद्यालय के गेट नंबर 4 के सामने हुई थी।”

आपको बता दें कि शुक्रवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) से जुड़े चौबीस छात्रों को पुलिस ने दिल्ली विश्वविद्यालय के कला संकाय से हिरासत में ले लिया था। उत्तरी परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। विश्वविद्यालय ने दावा किया है कि बाहरी डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग करने की कोशिश कर रहे थे और कानून व्यवस्था बनाए रखने लिए लिए पुलिस को बुलाया गया था।