74वां गणतंत्र दिवस: दिल्ली सीएम ने अपने आवास पर फहराया झंडा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (26/01/2023): देश आज 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है और पूरे देशभर में इसकी धूम दिखाई दे रही है। इस अवसर पर आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद ने अपने आवास पर CRPF के जवानों, परिवार एवं सभी सहयोगियों के साथ तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दी।

आम आदमी पार्टी ने ट्विटर पर तस्वीरें शेयर करके इस बात की जानकारी दी है, आम आदमी पार्टी ने ट्वीट में लिखा है, “आज माननीय मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल जी ने अपने सरकारी आवास पर CRPF जवानों और अपने परिवार के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहरा कर गणतंत्र दिवस मनाया। हम सभी मिलकर आज़ादी के दिवानों के सपनों का ख़ूबसूरत भारत बनाएंगे।”

वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गणतंत्र दिवस पर सभी देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट में लिखा है, “सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएँ। एक गणराज्य में जनता और जनता का शासन सबसे महत्वपूर्ण होता है। भारत में गणतंत्र की स्थापना के लिए हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने बहुत क़ुर्बानियाँ दी हैं। अब अपने गणतंत्र को मज़बूत करने की ज़िम्मेदारी हम सबकी है।”