गणतंत्र दिवस से पहले पुलिस छावनी में तब्दील हुई राजधानी, इन रूटों पर यातायात रहेगा प्रतिबंधित

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (25/01/2023): गणतंत्र दिवस को देखते हुए दिल्ली पुलिस के तरफ से राजधानी दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी की तरफ से आतंकी खतरे को देखते हुए दिल्ली पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर सुरक्षा के और भी कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।

राजधानी दिल्ली हमेशा से आतंकवादी संगठनों और असामाजिक तत्वों के निशाने पर रहा है, इसे लेकर दिल्ली पुलिस गणतंत्र दिवस से पहले सतर्क हो चुकी है। गणतंत्र दिवस समारोह को देखते हुए राजधानी दिल्ली में दिल्ली पुलिस के तरफ से सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में लगातार दिल्ली पुलिस के जवान मुस्तैद हैं। दिल्ली पुलिस के जवानों की तरफ से जगह जगह पर बैरिकेडिंग लगाई गई है और आने, जाने वाले बड़े गाड़ियों और लोगों की तलाशी ली जा रही है।

केंद्रीय सुरक्षा बल राज्यों की पुलिस के साथ बेहतर संपर्क बनाकर दिल्ली पुलिस गणतंत्र दिवस से पहले राजधानी में सुरक्षा के मद्देनजर पैनी नजर रखी हुई है। आपको बता दें कि गणतंत्र दिवस के मौके पर कर्तव्य पथ पर होने वाले परेड में 60,000 लोगों के जुटने की संभावना है। इस बार गणतंत्र दिवस परेड में बारकोड स्कैनिंग के जरिए लोगों की एंट्री होगी।

 

गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा को देखते हुए 27 हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। जिसमें 71 डीसीपी, 213 एसीपी, 753 इंस्पेक्टर सहित कुल 27 हजार 725 जवानों की तैनाती होगी। इसके साथ पैरामिलिट्री फोर्स की कई कंपनियां भी दिल्ली की सुरक्षा में मुस्तैद है। लुटियन दिल्ली के प्रमुख इलाकों में 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों लगाए गए हैं।

गणतंत्र दिवस के मौके पर परेड सुबह 10.30 बजे विजय चौक से शुरू होगी और लाल किला मैदान क्षेत्र की तरफ आगे बढ़ेगी। परेड में 60 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। वहीं, सुबह 9.30 बजे से इंडिया गेट पर गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत होगी।

गणतंत्र दिवस को परेड समाप्त होने तक बुधवार शाम 6 बजे से विजय चौक से इंडिया गेट तक कर्तव्य पथ पर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं है। गुरुवार तक रफी मार्ग, जनपथ और मान सिंह रोड पर भी आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग और सुभाष मार्ग पर भी गुरुवार को यातायात प्रतिबंधित रहेगा।।