मध्य प्रदेश सरकार ने 27000 से अधिक परिवारों को किया भूमि आवंटित

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (22/01/2023): मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यानी रविवार को मध्य प्रदेश के सिंगरौली में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए। इस दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है, उन्होंने कहा कि अंग्रेज तो चले गए मगर कांग्रेस ने अंग्रेजी हमारे सिर पर डाल दिया, उच्च शिक्षा अंग्रेजी में होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश ने तय किया कि राज्य में उच्च शिक्षा की पढ़ाई हिंदी में होगी।

मध्य प्रदेश के सीएम ने कहा कि आज 421 एकड़ जमीन प्रदेश के गरीबों में बांटी जा रही है, यही सामाजिक न्याय है। राशन प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत मिल रहा है। अब सरकार मेधावी बच्चों को पढ़ने की फीस देगी। जिनकी सालाना आय 8 लाख तक है उनके बच्चों की फीस सरकार भरेगी।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा अंग्रेज तो चले गए मगर कांग्रेस ने अंग्रेजी हमारे सिर पर डाल दिया, उच्च शिक्षा अंग्रेजी में होगी। गरीब किसान का बेटा-बेटी क्या अंग्रेजी जानता है? ये षडयंत्र था कि अगर हिंदी में हो गई तो गरीब के बच्चें भी आगे बढ़ जाएंगे। अंग्रेजी लाद दो ताकि बड़े लोगों के बच्चें बड़े पदों पर हों। अंग्रेजी कोई योग्यता का प्रमाण नहीं है, योग्यता किसी भी भाषा में हो सकती है। मध्य प्रदेश ने तय किया कि राज्य में उच्च शिक्षा की पढ़ाई हिंदी में होगी।

तो वहीं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज 27,000 से अधिक परिवारों को CM ने भूमि आंवटित किया है। अगर CM गरीबों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध नहीं होते तो ये काम नहीं होता। नेताओं ने प्रलोभन देकर जनता का समर्थन हासिल किया है। मगर BJP जो कहती है, उसे करती है।

साथ ही उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज राहुल गांधी घूम-घूम कर कह रहे हैं कि हिंदुस्तान में नफरत ही नफरत है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि हिंदुस्तान में नफरत पैदा करने की कोशिश कौन कर रहा है? उनको कहां नफरत दिखाई दे रही है? कांग्रेस के लोग सारी दुनिया में भारत की छवि खराब कर रहे हैं।