दिल्ली में मचे सियासी घमासान के बीच राष्ट्रपति ने एलजी को सौंपी दो नई शक्तियां

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (19/01/2023): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के बीच टकराव जारी है। इसी बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कल यानी बुधवार को दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को औद्योगिक संबंध संहिता 2020 और व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य स्थिति संहिता 2020 के तहत दो नए अधिकार सौंपे हैं। इस बात की जानकारी न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने दिया है।

न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने औद्योगिक संबंध संहिता 2020 और व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य की स्थिति संहिता 2020 के तहत दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना को दो नई शक्तियाँ सौंपी हैं, ताकि केवल दिल्ली के एनसीटी के उन क्षेत्रों में नियम तैयार किए जा सकें जहाँ इसकी आवश्यकता है।”

न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने अधिसूचनाओं के अनुसार कहा कि “अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव, चंडीगढ़, पुडुचेरी और लक्षद्वीप सहित पांच अन्य केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासकों और उपराज्यपालों को भी राष्ट्रपति द्वारा समान शक्तियां प्रदान की गई थीं।”

आपको बता दें कि दिल्ली के उपराज्यपाल को दी गई दो नए शक्तियों से उपराज्यपाल की शक्तियाँ और बढ़ जाएगी। शक्तियों के मुताबिक उपराज्यपाल दिल्ली के एनसीटी के उन क्षेत्रों में नियम तैयार कर सकते हैं जहाँ इसकी आवश्यकता है।