जे. पी नड्डा बने रहेंगे पार्टी के कप्तान, अमित शाह का बड़ा ऐलान

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (17/01/2023): दिल्ली में बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बीच 2024 चुनाव से पहले फिर से एक बार राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर जेपी नड्डा के कार्यकाल को बढ़ा दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश के सभी राजनीतिक दलों के बीच, केवल भाजपा ही है जो वास्तव में लोकतंत्र को आगे बढ़ाने के लिए काम करती है। देश के सभी राजनीतिक दलों में सबसे ज्यादा लोकतांत्रिक तरीके से चलने वाला दल भाजपा है।

अमित शाह ने कहा कि जनसंघ की स्थापना से लेकर आज तक भाजपा में बूथ से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक के चुनाव हमेशा समय पर पार्टी संविधान के अनुकूल होते रहे हैं। पार्टी अध्यक्ष के रूप में नड्डा जी का कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ा दिया गया है।

अमित शाह ने कहा कि उनके पूरे नेतृत्व काल में पार्टी के संगठन ने बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक ‘सेवा ही संगठन’ के सिद्धांत पर काम किया है। महामारी के दौरान नड्डा जी के नेतृत्व में पार्टी ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।

अमित शाह ने कहा कि गरीबों को भोजन और राशन देने की बात हो या लोगों को जांच और इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की बात हो। मैं पार्टी की ओर से नड्डा जी को उनके प्रतिबद्ध नेतृत्व और योगदान के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं और उनके भावी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देता हूं।।