बीजेपी कार्यकारिणी बैठक के पहले सत्र में सामाजिक और आर्थिक संकल्प पत्र हुआ पारित

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (17/01/2023): दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का आज दूसरा दिन है। 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव और आने वाले दिनों में तमाम राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक अहम मानी जा रही है। कार्यकारिणी की बैठक में किन प्रस्ताव को पास किया गया क्या क्या चर्चाएं हुई इसकी जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक प्रेस वार्ता की।

बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि आज कार्यकारिणी के बैठक का दूसरा दिन है। कल उद्घाटन के उपरांत राजनीतिक प्रस्ताव पारित हुआ था, आज पहले सत्र में सामाजिक और आर्थिक संकल्प पत्र पारित हो रहा है। 2014 में ही पीएम नरेंद्र मोदी जी ने कहा था कि उनकी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से काम करेगी और यह बहुत ही शानदार तरीके से साबित भी हुआ है।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हमारी सरकार केवल नारेबाजी करने में नहीं बल्कि कार्रवाई करने और परिणाम लाने में विश्वास रखती है। हम जोश के साथ काम करते है, सभी के कल्याण के लिए सामूहिक कार्य करना हमारा लक्ष्य और अंतर्निहित दर्शन है।पिछले आठ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक समावेशी सर्वस्पर्शी समाज बनाने हेतु काम हो रहा है।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि विश्व की कठिन परिस्थितियों में भी मोदी जी की विचार स्पष्टता और कुशल नीतियों के सफल क्रियान्वयन के कारण समाज का सशक्तिकरण हो रहा है। मोदी सरकार किसानों के लिए बहुत चिंतित रही है। यह सुनिश्चित करने के लिए कि उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य मिले, और उनका कल्याण हो, विभिन्न नीतियों और सुधारों को सामने लाया गया है। वोकल फॉर लोकल’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ अब सरकार के मूल सिद्धांत और नीतियां बन गए हैं।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि नए भारत में हवाई चप्पल पहनने वाला हवाई जहाज में भी बैठ सकता है। अंतर्देशीय जलमार्गों का विकास तेजी से किया जा रहा है। भारत में क्रूज पर्यटन अब केवल किताबों में नहीं है! यह अब एक सरासर हकीकत बन गया है। किसान द्वारा उत्पादित चीजों के सटीक मूल्य हेतु सरकार द्वारा कई योजनाएं शुरू की गई हैं। स्टार्टअप इंडिया के माध्यम से आज देश के नौजवान जॉब सीकर से जॉब क्रिएटर बन रहे हैं। 100 से अधिक यूनिकॉर्न बने हैं। देश के नौजवान उद्यमी बन रहे हैं।।