राजधानी दिल्ली में ठंड की वजह से कई ट्रेन लेट, यात्रियों को करना पड़ रहा है लंबा इंतज़ार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (17/01/2023): दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर ठंड और घने कोहरे का प्रकोप देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप देखने को मिल सकता है और इसका असर आज से दिखना भी शुरू हो गया है। वहीं आज घने कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजधानी में कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। लोगों को काफी देर तक स्टेशन पर ट्रेन का इंतज़ार करना पड़ रहा है।

इस मामले में एक यात्री ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए बताया, “हमें बिहार जाना है, लेकिन ट्रेन लेट है इसलिए इंतज़ार कर रहे हैं।”

आज सुबह दिल्ली में सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है और पालम में सुबह 5.30 बजे तक न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज राजधानी दिल्ली का न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।।