महिला कैब चालक को लूटने की कोशिश, पुलिस कर रही है मामले की जांच

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (10/01/2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले में बढ़ते जा रहे हैं। रविवार देर रात ढाई बजे उत्तरी जिला के कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र में प्रियंका नाम की महिला कैब चालक को अज्ञात बदमाशों ने लूटने की कोशिश की जिसमें वह घायल हो गई। दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बदमाश ने पहले प्रियंका के कैब की खिड़की पर पथराव किया और उसके बाद उसका फोन छीनने की कोशिश की । इस दौरान बदमाश ने टूटी हुई कांच की बोतल से प्रियंका के गले पर वार किया जिसमें वह जख्मी हो गई। वहीं बदमाश अपनी कोशिश में नाकाम होने पर मौके से भाग गया। उसके बाद प्रियंका के कॉल करने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे पास के अस्पताल में उपचार करवाकर उसे समयपुर बादली स्थित घर पहुंचा दिया। इस मामले में अब पुलिस जांच कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक प्रियंका अपने माता-पिता के साथ समयपुर बादली में रहती है। वह पिछले चार साल से उबर कैब चलाकर जीविका का पालन करती है। वह शादीशुदा है लेकिन वह अपने पति से अलग रहती है।

इस मामले में प्रियंका ने कहा कि “रविवार देर रात करीब ढाई बजे जब वह किसी कॉल पर पैसेंजर के पास बस अड्डा के प्रवेश द्वार के सामने जा रही थी। अधिक कोहरा होने के कारण वह धीमी रफ्तार में चल रही थी तभी अचानक एक बदमाश ने चालक की तरफ आकर ईंट मारकर शीशा तोड़ दिया। शीशा तोड़ने पर वह डर गई। बदमाश ने करीब आकर पहले उसका मोबाइल छीनने लगा। मोबाइल छीनने में नाकाम होने पर उसने चाभी लेकर कैब लूटने की कोशिश की। फिर उसने गिड़गिड़ाते हुए कहा कि वह कैब न लूटे। कैब उसकी नहीं है वह किसी और की कैब चलाती है। तब बदमाश ने टूटी हुई कांच की बोतल से गले पर वार कर दिया।”

राजधानी में लड़कियों एवं महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं।।