20 साल की अविवाहित लड़की बनी मां, बच्चे को खिड़की से फेंका। पढ़ें पूरी रिपोर्ट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (10/01/2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक मानवता को शर्मसार करने वाली, दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पूर्वी दिल्ली के कोंडली के जय अंबे अपार्टमेंट में रहने वाली 20 साल की लड़की ने एक बच्चे को जन्म देने के बाद अपने बच्चे को वॉशरूम की खिड़की से फेंक दिया। मिली जानकारी के मुताबिक लड़की अविवाहित थी और उसने सामाजिक बदनामी से बचने के लिए यह कदम उठाया था। वह ऐसा करके अपने बच्चे से छुटकारा पाना चाहती थी। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उस लड़की के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि “पूर्वी दिल्ली के कोंडली में जय अम्बे अपार्टमेंट में रहने वाली 20 साल की एक लड़की ने एक बच्चे को जन्म देने के बाद अपने वॉशरूम की खिड़की से फेंक दिया। उसने खुलासा किया कि वह अविवाहित थी और सामाजिक कलंक को देखते हुए उसने बच्चे से छुटकारा पाने की कोशिश की।

उन्होंने आगे बताया कि स्थानीय निवासियों से पूछताछ की गई। लड़की के घर की तलाशी ली गई तो कूड़ेदान में खून के कई निशान मिले। केस दर्ज कर लड़की को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया।।