दिल्ली में भीषण कोहरे और ठंड के कारण फ्लाइट्स की उड़ान में देरी, कई फ्लाइट्स के रूट डायवर्ट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (09/01/2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देश के अन्य हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिसकी वजह से विज़िबिलzटी काफी कम हो गई है। दिल्ली में घने कोहरे की वजह से कई फ्लाइटें देरी से चल रही है तो कई फ्लाइट्स के रूट को डायवर्ट करना पड़ा है। तो वहीं कोहरे के कारण उत्तर रेलवे क्षेत्र में 29 ट्रेनें लेट से चल रही हैं।

भारतीय मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक आज दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और पालम में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तो वहीं विज़िबिलिटी की बात करें तो सफदरजंग में 25 मीटर और पालम में 50 मीटर विज़िबिलिटी रहा है।

बता दें कि इन दिनों दिल्ली समेत देश के अन्य हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने 10 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लिए ठंड का रेड अलर्ट किया है। जबकि राजस्थान और बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं मौसम विभाग ने बताया है कि 10 जनवरी के बाद से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने की संभावना है।