दिल्ली में कड़ाके की ठंड का कहर जारी, कई उड़ानें और उत्तर रेलवे के ट्रेन लेट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (08/01/2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। दिल्ली में आज घना कोहरा छाया हुआ है और कोहरे की वजह से विज़िबिलिटी कम हुई। वहीं मौसम विभाग ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए आज के लिए दिल्‍ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्‍सों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, आज दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है और आया नगर में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जबकि लोधी रोड में 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और पालम में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर रेलवे के मुताबिक, ठंड और घने कोहरे के कारण उत्तर रेलवे क्षेत्र में 42 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। तो वहीं दिल्ली में घने कोहरे और ठंड के कारण करीब 20 उड़ानें देरी से चल रही हैं।

IMD के वैज्ञानिक आर.के जेनामणि ने कल यानी शनिवार को न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए बताया था कि 9 जनवरी के बाद तापमान में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।