राजधानी में 2022 में डेंगू के 4,469 मामले आए सामने, 9 मरीजों की मौत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (05/01/2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीते वर्ष 2022 में डेंगू के कुल 4,469 मामले सामने आए और 9 लोगों की मौत हुई। इस बात की जानकारी आज यानी गुरुवार को दिल्ली नगर निगम ने मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया की साप्ताहिक रिपोर्ट जारी करके दिया है।

दिल्ली नगर निगम द्वारा जारी किए गए रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर महीने में डेंगू के कुल 874 मामले सामने आए थे। तो वहीं नवंबर महीने में डेंगू के 1420 मरीज मिले थे और अक्टूबर महीने में डेंगू के 1238 मरीज मिले थे। जबकि सितंबर महीने में डेंगू के 693 मरीज मिले थे।

अगर पिछले 6 सालों की तुलना करें तो दिल्ली में डेंगू के सबसे ज्यादा मामले साल 2021 में सामने आए थे। वहीं साल 2021 में डेंगू के 9613 मामले सामने आए थे। जबकि 2020 में डेंगू के 1072, 2019 में डेंगू के 2036, 2018 में डेंगू के 2798 और 2017 में डेंगू के 4726 मामले आए थे।

अगर मौतों की बात करें तो पिछले 6 सालों में दिल्ली में डेंगू से सबसे ज्यादा मौतें साल 2021 में हुई था। 2021 में दिल्ली में डेंगू से 23 लोगों की मौत हुई थी। तो वहीं 2020 में 1, 2019 में 2, 2018 में 4 और 2017 में 10 मरीजों की मृत्यु हुई थी।