दिल्ली-एनसीआर में ठंड का कहर, अगले दो दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (04/01/2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ठंड का प्रकोप जारी है। वहीं आज यानी बुधवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया है। आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दो दिन में और कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना जताई गई है। साथ ही मौसम विभाग ने 2 दिन के लिए दिल्ली-एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उसके बाद ठंड से राहत मिलने की संभावना है।

इस मामले में IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामनी ने कहा कि दिल्ली में अभी जो ठंड की स्थिति है वैसे 24-48 घंटे और रहेगी। हमने अगले 2 दिनों के लिए दिल्ली-एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बाकि उत्तर भारत में दिल्ली जैसा ही हाल है। सबसे कम तापमान राजस्थान में है, चूरू में दो दिन से तापमान जीरों से नीचे चल रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में रात का तापमान बेहतर है। कोहरे की बात करें तो पिछले 48 घंटों में पंजाब, यूपी, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में रात और सुबह में जीरो से 50 मीटर विज़िबिलिटी होती है। अभी दिल्ली में जो स्थिति बनी है इसमें अगले 2 दिनों में थोड़ा सुधार होगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस से कम या उसके बराबर होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस कम होता है तो इसे कोल्‍ड डे कहते हैं। तो वहीं, जब अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस या उससे और ज्यादा कम होता है तो इसे ‘सीवियर कोल्‍ड डे’ कहते हैं।।