भारत में घूमने से नहीं भारत को समझने से भारतीयता को समझा जा सकता है: बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (03/01/2023): कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज फिर से शुरू हो गई है। दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित मरघट वाले हनुमान मंदिर से राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत आज सुबह हुई है और यह यात्रा आज उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। भारत जोड़ो यात्रा में मिलने वाले जनसमर्थन से कांग्रेस पार्टी 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में सियासी जमीन तलाश रही है।

इस बीच भारतीय जनता पार्टी लगातार कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा पर हमलावर है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भ्रमण करते करते भ्रम के शिकार हो गए हैं। वो लगातार भ्रम में पड़ रहे हैं। लेकिन उन्होंने भारत का भ्रम दूर कर दिया है। चीन पर दिया गया उनका बयान ऐसा इंगित कर रहा है कि भारत चीन के आगे नतमस्तक हो जाए।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि पहले सेना और अब भारतीयों के सम्मान को गिराने का काम राहुल क्यों कर रहे हैं। राहुल 4-5 देशों का नाम बता दें कि कौन आज चीन के साथ खड़े हैं जबकि भारत के साथ दुनिया खड़ी है। राहुल जी, भारत में घूमने से नहीं भारत को समझने से भारतीयता को समझा जा सकता है।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि इनकी चार पीढ़ी से ‘Discovery of India’ ही चल रही है। राहुल जी ने देश के सामने अपनी मंशा को साफ कर दिया है कि भारत को ठीक उसी प्रकार चीन के सामने समर्पण कर देना चाहिए जैसा उनकी सरकार के दौरान होता था।।