कंझावला मामले पर स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस पर दागे कई सवाल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (02/01/2023): कंझावला मामले पर दिल्ली महिला आयोग (DCW) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस पर सवाल खड़ा कर निशाना साधा है। दरअसल स्वाति मालीवाल ने आज सोमवार को ट्विटर पर अपना एक वीडियो शेयर कर दिल्ली पुलिस से सवाल की। साथ ही उन्होंने इस घटना को लेकर कानून व्यवस्था पर भी सवाल की है।

उन्होंने वीडियो में कहा कि सबसे पहले दिल्ली पुलिस ये बताएं कि क्या लड़की के साथ यौन शोषण हुआ था या नहीं? कहीं ऐसा तो नहीं कि लड़की जा रही थी और कुछ लड़कों ने उसे छेड़ने की कोशिश की। जब लड़की ने विरोध किया तो उसका ये हाल किया गया। दूसरा सवाल यह है कि कितने किलोमीटर तक गाड़ी से लड़की को घसीटा गया? तीसरा ये बताएं कि क्या पूरे रास्ते में कोई चेक पोस्ट या पीसीआर मौजूद नहीं थी? चौथा ये बताएं कि घटना स्थल से हुई पीसीआर कॉल पर क्या त्वरित कार्यवाही की गई? पांचवां न्यू ईयर के मद्देनज़र सुरक्षा की क्या ख़ास तैयारी की गई थी? छठा क्या आरोपी लड़कों पर पहले भी कोई मुक़दमा था? ये सारे के सारे सवाल बहुत जरूरी है। दिल्ली पुलिस को हमने जो समन जारी किए हैं उनको हमारे सामने पेश होना है और इन सारे सवालों के जवाब देना है।

उन्होंने आगे कहा कि कब तक ऐसा होता रहेगा? कब तक हमारी लड़कियों को मारा जाएगा? और यह सिस्टम सोता रहेगा? उन्होंने कहा कि यह केस पूरी इंसानियत को शर्मसार करने वाला केस है और बहुत ही ज्यादा भयानक केस है। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी में दिल्ली में किया गया और वह भी न्यू ईयर पर किया गया हैं। दिल्ली पुलिस को यह सारे सवालों के जवाब देना बहुत जरूरी है।

आपको बता दें कि दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके से रविवार को चौंकाने वाली घटना सामने आई जहां स्कूटी पर जा रही एक 20 वर्षीय लड़की को कथित तौर पर एक कार ने टक्कर मारी और फिर कुछ किलोमीटर तक उसे घसीटते चली गई। इस दर्दनाक हादसे में लड़की की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और IPC की धारा 304 के तहत मामला दर्ज़ किया है।।