बुराड़ी में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने दो युवकों पर की फायरिंग, एक की मौत दूसरा घायल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (29/12/2022): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बुराड़ी में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने दो युवकों पर फायरिंग की जिसके बाद एक व्यक्ति घायल हो गया और दूसरे व्यक्ति की मृत्यु हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक मृतक व्यक्ति की पहचान 23 साल के मनोज के रूप में और घायल व्यक्ति की पहचान 25 साल के राजा के रूप में की गया है। इस मामले में पुलिस ने भारतीय दंड संहिता और शस्त्र कानून की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया है। साथ ही पुलिस शूटरों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।

इस मामले में पुलिस ने बुधवार को बताया कि “मृतक की पहचान मनोज के रूप में जबकि घायल की पहचान 25 वर्षीय राजा के रूप में किया गया है। दोनों पिंकी चौधरी कॉलोनी के निवासी हैं। राजा का अभी लोकनायक जयप्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल में इलाज चल रहा है।” साथ ही पुलिस ने बताया कि “यह घटना सोमवार रात की है, जब राजा और मनोज एक मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। तभी दो मोटरसाइकिल सवार लोगों ने उन दोनों का पीछा किया, उन पर गोली चलायी और फरार हो गए।”

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि “दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार हो रहा था लेकिन बुधवार को मनोज की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह घटना पुरानी रंजिश का नतीजा है और षडयंत्रकारियों की पहचान कर लिया गया है। ऐसा संदेह है कि साजिशकर्ताओं ने पुराना हिसाब चूकता करने के लिए शूटरों को भेजा था। हमने घटना की सीसीटीवी फुटेज बरामद कर ली है।”