राजधानी में शीतलहर का कहर जारी, जानें कब तक जारी रहेगा सर्दी का सितम

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (27/12/2022): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ठंड बढ़ती जा रही है जिसके कारण दिल्लीवासियों को ठिठुरन महसूस होने लगी है। वहीं अभी ठंड से राहत की संभावना नहीं है। दरअसल IMD वैज्ञानिक आर.के. जेनामनी से मिली जानकारी के मुताबिक 29 दिसंबर से पहले ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। साथ ही 31 दिसंबर से 1 जनवरी तक फिर से शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना जताई गई है।

IMD वैज्ञानिक आर.के. जेनामनी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि दिल्ली, यूपी ,पंजाब और राजस्थान में शीतलहर लगातार बनी हुई है। घना कोहरा बना हुआ है, कोहरे के कारण विजिबिलिटी 0-200 मीटर तक है। अगले एक दिन के लिए दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिम यूपी में तेज़ शीतलहर रहेगी। 29 दिसंबर से तापमान में सुधार की संभावना है। 31 दिसंबर से 1 जनवरी तक फिर से शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी।

उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली में सबसे कम तापमान आया नगर में 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया और कुछ जगहों पर अभी भी शीतलहर चल रही है।

आपको बता दें कि आज यानी मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।