कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के बयान पर राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी ने किया पलटवार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (27/12/2022): कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने राहुल गांधी की तुलना भगवान राम और कांग्रेस नेताओं की तुलना भरत से किया है। वहीं कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के इस बयान पर राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास पर पलटवार किया है। साथ ही उन्होंने सलमान खुर्शीद के बयान की निंदा किया है।

उन्होंने कहा कि “कोई भी व्यक्ति भगवान राम नहीं हो सकता, न ही भरत हो सकता। कभी भी राहुल गांधी की तुलना राम से नहीं की जा सकती। उन्होंने जो कहा हम उसकी निंदा करते हैं।”

आपको बता दें कि सलमान खुर्शीद भारत जोड़ो यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक प्रेस वार्ता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने था कि वो(राहुल गांधी) अलौकिक हैं। हम ठंड में ठिठुर रहे हैं और जैकेट पहन रहे हैं, वह टी-शर्ट पहनकर(भारत जोड़ो यात्रा के लिए) निकल रहे हैं। वह एक योगी की तरह तपस्या कर रहे हैं। भगवान राम की ‘खड़ाऊ’ बहुत दूर तक जाती हैं। कभी-कभी खड़ाऊ लेकर भी चलना पड़ता है। हमेशा राम नहीं पहुंच पाते हैं तो भरत उनकी खड़ाऊ लेकर चलते हैं। हम भी खड़ाऊ लेकर उत्तर प्रदेश में चले हैं। उत्तर प्रदेश में खड़ाऊ पहुंच गई हैं तो राम जी भी पहुंचेंगे, ये हमारा विश्वास है।