कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को दी बड़ी चुनौती

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (23/12/2022): कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के बयान पर पलटवार किया है। दरअसल केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा था कि हमें राहुल गांधी से लड़ने की जरूरत नहीं है और जहां-जहां वे जाते हैं उनकी पार्टी वहां हार जाती है। मैं उनसे अपील करूंगा कि वह जितने अधिक राज्य हो सके उतने राज्य जाएं। जब से उन्होंने भारत जोड़ो शुरू किया तब से कांग्रेस छोड़ो शुरू हुआ है।

तो वहीं केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के इस बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस से कौन भाग रहा है? साथ ही उन्होंने प्रह्लाद जोशी को चुनौती देते हुए कहा कि जैसा वे कह रहे हैं और वह सही है तो मैं सदन के अंदर और बाहर माफी मांगूंगा। अगर ऐसा नहीं है तो वह सदन के अंदर और बाहर माफी मांगे।

आपको बता दें कि देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने राहुल गांधी को चिट्ठी लिखा था। वहीं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कल यानी गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया की चिट्ठी पर पलटवार किया था। उन्होंने कहा था कि “यात्रा कश्मीर तक जाएगी। अब इन्होंने एक नया आइडिया निकाला है। मुझे चिट्ठी लिखी है कि कोविड आ रहा है। यात्रा बंद करो। अब यात्रा को रोकने के लिए बहाने बनाए जा रहे हैं। बहाने बन रहे हैं मास्क पहनों, यात्रा बंद करो कोरोना फैल रहा है। ये सब बहाने हैं। हिन्दुस्तान की शक्ति से ये लोग डर गए हैं। हिन्दुस्तान की सच्चाई से ये लोग डर गए हैं। ये सच्चाई है।”