क्या गांधी परिवार की जिद्द के आगे पूरा देश नतमस्तक हो जाएगा: अनुराग ठाकुर

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (23/12/2022): देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने राहुल गांधी को चिट्ठी लिखा था। उन्होंने कहा था कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कोविड दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए और अगर कोविड प्रोटोकॉल का पालन संभव नहीं है तो सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए भारत जोड़ो यात्रा को राष्ट्रीय हित में स्थगित कर दिया जाए। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी एक दूसरे पर हमला कर रहे हैं जो शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में आज केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस पार्टी पर हमला किया है।

उन्होंने कहा है कि “भारत जोड़ो यात्रा एक महीने से ज्यादा समय से चल रही थी। कौन इससे जुड़ रहा था इससे हमें कोई मतलब नहीं था। अगर एक बार फिर दुनियाभर में कोविड का संकट आया है और भारत सरकार ने उचित कदम उठाए हैं तो इसका कांग्रेस पार्टी विरोध क्यों कर रही है?”

उन्होंने कांग्रेस पार्टी से सवाल करते हुए कहा कि “क्या जनता और देश के हित में किसी निर्णय को कांग्रेस कभी स्वीकार नहीं करेगी? क्या गांधी परिवार की जिद्द के आगे पूरा देश नतमस्तक हो जाएगा।”

आपको बता दें कि कल यानी गुरुवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर यात्रा को रोकने के लिए बहाने बनाने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि “यात्रा कश्मीर तक जाएगी। अब इन्होंने एक नया आइडिया निकाला है। मुझे चिट्ठी लिखी है कि कोविड आ रहा है। यात्रा बंद करो। अब यात्रा को रोकने के लिए बहाने बनाए जा रहे हैं। बहाने बन रहे हैं मास्क पहनों, यात्रा बंद करो कोरोना फैल रहा है। ये सब बहाने हैं। हिन्दुस्तान की शक्ति से ये लोग डर गए हैं। हिन्दुस्तान की सच्चाई से ये लोग डर गए हैं। ये सच्चाई है।”