दिल्ली एलजी ने ‘सुल्ली डील्स’ मामले के मुख्य आरोपी औंकारेश्वर ठाकुर पर मुकदमा चलाने की दी मंजूरी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (11/12/2022): दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने ‘सुल्ली डील्स’ मामले के मुख्य आरोपी औंकारेश्वर ठाकुर पर सीआरपीसी की धारा 196 के तहत मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। इस बात की जानकारी न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने दिल्ली पुलिस के सूत्रों के हवाले से दिया है।

आरोपी औंकारेश्वर ठाकुर ने मुस्लिम महिलाओं की बोली लगाने के लिए सुल्ली डील्स एप और सुल्ली डील्स ट्विटर अकाउंट बनाया था, जिसका मकसद मुस्लिम समुदाय को बदनाम और अपमानित करना था।

आपको बता दें कि सुल्ली डील्स ऐप पर सैकड़ों मुसलमान लड़कियों की फोटो उनकी मर्ज़ी के बिना शेयर किया गया था। वहीं कई फोटो से छेड़छाड़ भी किया गया था। इसे लेकर काफी हंगामा हुआ था और कार्रवाई ना करने को लेकर पुलिस की आलोचना भी हुआ था। बाद में दिल्ली पुलिस ने मुख्य आरोपी औंकारेश्वर ठाकुर को गिरफ़्तार किया था।