शाम को छोड़ा कांग्रेस, समर्थकों ने लगाई फटकार तो देर रात हुई घर वापसी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (10/12/2022): राजनीति में नेताओं का दल बदल कर दूसरे पार्टी में जाने का सिलसिला अब आम हो चुका है। चुनाव से पहले और चुनाव के बाद तमाम ऐसे नेता होते हैं जो दलबदल की राजनीति करते हैं। दिल्ली एमसीडी चुनाव परिणाम के बाद दिल्ली कांग्रेस उपाध्यक्ष अली मेहदी समेत कांग्रेस के दो पार्षदों ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया।

कांग्रेस नेताओं के आम आदमी पार्टी का दामन थामने के बाद उनके क्षेत्र में काफी विरोध हुआ। जिसके बाद सोशल मीडिया पर कांग्रेस के जो नेता आप में शामिल हुए थे उनको कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ट्रोल करना शुरू कर दिया। उसके बाद कांग्रेस दिल्ली उपाध्यक्ष अली मेहदी और उनके साथ दो पार्षद जो आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे उनकी अब घर वापसी हो गई है पुनः वह कांग्रेस पार्टी में आ गए हैं।

सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई वीडियो में अली मेहदी ने कहा कि उन्हें कोई पोस्ट नहीं चाहिए। वह कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता बनकर रहेंगे, वह राहुल गांधी के कार्यकर्ता बनकर रहेंगे। मुझसे बहुत बड़ी गलती हुई है, जिसके लिए वह अपने सभी क्षेत्रवासियों और कांग्रेस पार्टी से माफ़ी मांगते हैं।

 

आपको बतादें की दिल्ली कांग्रेस के उपाध्यक्ष अली मेहदी ने कल AAP का दामन थामा था। अली मेहदी के साथ कांग्रेस की दो नव निर्वाचित पार्षद मुस्तफाबाद से सबिला बेगम और ब्रिजपुरी से नाज़िया खातून भी कल आम आदमी पार्टी में शामिल हो गई थी।

इसके बाद भारतीय जनता पार्टी आम आदमी पार्टी पर हमलावर हो गई , भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता अजय सहरावत ने कहा कि दिल्ली में ऑपरेशन झाड़ू फेल हो चुका है। आम आदमी पार्टी के एमसीडी चुनाव प्रभारी दुर्गेश पाठक पर निशाना साधते हुए अजय शेरावत ने कहा कि लंदन जैसी सड़के पहले दिल्ली का बनवाएं दुर्गेश पाठक।