MCD चुनाव में हार के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- ‘आप को भ्रष्टाचार नहीं करने देंगे’

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (09/12/2022): दिल्ली एमसीडी में 15 सालों से काबिज भारतीय जनता पार्टी को करारी मात देने के बाद आम आदमी पार्टी के हौसले बुलंद है। दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि जनता ने बीजेपी को खूब समर्थन दिया है। बीजेपी दिल्ली नगर निगम में एक मजबूत विपक्ष की भूमिका में नज़र आयेगी।

दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि हम नगर निगम में एक सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर टीम की तरह काम किया, मैं सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करता हूँ। जिस तरह आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार में रहते हुए भ्रष्टाचार किया है अब निगम में हम आम आदमी पार्टी को ऐसा नहीं करने देंगे।

आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की जनता ने हमें आशीर्वाद दिया है और पहले के मुकाबले इस बार हमारा वोट प्रतिशत बढ़ा है। इस बीच कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाते हुए आदेश गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और आम आदमी पार्टी ने मिलकर चुनाव लड़ा है। भारतीय जनता पार्टी हार के पहलुओं पर समीक्षा करेगी और जहां कमी रह गई है उसे सुधार करने की कोशिश करेंगे।

इस बीच नेता विपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को दिल्ली में लागू नहीं होने दिया। अरविंद केजरीवाल आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आशीर्वाद मांग रहे हैं, दिल्ली के विकास के लिए तो सबसे पहले हम उनसे यह मांग करते हैं कि केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं को दिल्ली के अंदर लागू किया जाए।