दिल्ली नगर निगम चुनाव में 57000 से अधिक लोगों ने नोटा पर बटन दबाकर बनाया रिकॉर्ड

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (08/12/2022): दिल्ली नगर निगम चुनाव में कल यानी बुधवार को आम आदमी पार्टी ने 15 साल से दिल्ली नगर निगम की सत्ता में काबिज भारतीय जनता पार्टी को हराकर शानदार जीत हासिल की है। वहीं इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी में से जनता ने सबसे ज्यादा वोट आम आदमी पार्टी को दिया है, तो दूसरी ओर भारी संख्या में लोगों ने नोटा को वोट देकर एक रिकॉर्ड बनाया है।

दिल्ली चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली नगर निगम चुनाव में इस बार 57,545 वोटर्स ने ‘उपरोक्त में से किसी को भी नहीं’ यानी नोटा का बटन दबाया है। इससे साफ है कि इतनी बड़ी आबादी ने अपना बेशकीमती वोट किसी को भी नहीं दिया है और वो सभी पार्टियों में से किसी को भी पसंद नहीं करते हैं। नोटा को एक तरह से विरोध जताने के तरीके के तौर पर भी देखा जाता है। वहीं 2017 में हुए दिल्ली नगर निगम चुनाव में 49,235 वोटर्स ने नोटा का बटन दबाया था। पिछले चुनावों की तुलना में इस चुनाव में नोटा को पसंद करने वालों की संख्या 8310 ज्यादा है।

आपको बता दें दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी को 134 और भारतीय जनता पार्टी को 104 सीटें और कांग्रेस पार्टी को 9 सीटें मिलीं है। जबकि अन्य पार्टी को 3 सीटें मिली हैं। दिल्ली में नगर निगम के 250 सीटों पर चुनाव लड़े गए थे और बहुमत के लिए 126 सीटों की जरूरत थी।