केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने केजरीवाल मॉडल को बताया लालू मॉडल

टेन न्यूज नेटवर्क,

नई दिल्ली (03/12/22): दिल्ली में एमसीडी चुनाव का प्रचार भले ही थम चुका है लेकिन बीजेपी का आम आदमी पार्टी पर हमला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार बीजेपी आम आदमी पार्टी पर हमलावर है, और एक के बाद एक भ्रष्टाचार का आरोप लगाती हुई भाजपा दिखाई दे रही है।

बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने अरविंद केजरीवाल पर एक और घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल लॉकडाउन के दौरान मजदूरों को पैसा देने के लिए जो रजिस्ट्रेशन करवाया था उसमें घपला किया गया है।

अनुराग ठाकुर ने सीधे तौर पर कहा कि अरविंद केजरीवाल ने गरीबों का हक मारने का काम किया है। इसके साथ हीं अनुराग ठाकुर ने अरविंद केजरीवाल की तुलना बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से करते कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली मॉडल के बदले दिल्ली के लोगों को दिया है लालू मॉडल।

 

अनुराग ठाकुर ने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली को दिया लालू मॉडल, यहां पर वह सरकार है जहां पर एक नहीं कई घोटाले देखे जाते हैं। अनुराग ठाकुर ने केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि कोई ऐसा वर्ग है, जिसको अरविंद केजरीवाल जी ने छोड़ा है। केजरीवाल ने भ्रष्टाचार का नया मॉडल बनाने का काम किया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि केजरीवाल ने मजदूरों के हक को कर दिया हलाल हजारों करोड़ खा गए केजरीवाल।

केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा रजिस्टर किए गए दो लाख से ज्यादा मजदूरों में से एक ही नंबर पर 500 से ज्यादा मजदूर रजिस्टर्ड हैं। उनके अकाउंट में पैसे भेजे गए लेकिन इसमें भी केजरीवाल ने घपला करने का काम किया है। यह मामला तब का है जब दिल्ली सरकार ने वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने के चलते कंस्ट्रक्शन पर रोक लगाया था। उस समय दिल्ली सरकार ने मजदूरों का रजिस्ट्रेशन किया था, जिसके तहत रजिस्टर्ड मजदूरों को दिल्ली सरकार के द्वारा पैसे दिए गए थे।