भ्रष्टाचार करने वाले पार्षद का जहन्नम तक पीछा करेंगे केजरीवाल, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (30/11/2022): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर मेरे किसी पार्षद ने भ्रष्टाचार किया, उसको छोडूंगा नहीं, जहन्नम तक पीछा करूंगा। दरअसल दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज बुधवार को एक निजी चैनल को एक्सक्लूसिव इंटरव्यू दिया है।

इस दौरान एंकर ने अरविंद केजरीवाल से सवाल करते हुए कहा कि आप खुद को कट्टर ईमानदार कहते हैं तो ऐसे कैसे आप कट्टर ईमानदार पार्षद लाएंगे जो भ्रष्टाचार ना करें। इसके जवाब में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि “अगर मेरे किसी पार्षद ने भ्रष्टाचार किया, उसको छोडूंगा नहीं, जहन्नम तक पीछा करूंगा। दिल्ली में मेरे एक मंत्री ने भ्रष्टाचार किया था, सीबीआई को केस सौंप दिया था। पंजाब में एक मंत्री ने भ्रष्टाचार करने की कोशिश की, हमने उसको जेल में डाल दिया। अगर मेरा कोई पार्षद भ्रष्टाचार करेगा तो हम उसके बक्शेंगे नहीं।”

आपको बता दें दिल्ली नगर निगम की सभी 250 सीटों के लिए 4 दिसंबर को मतदान किया जाएगा और 7 दिसंबर को नतीजे घोषित किया जाएगा। वहीं चुनावी मैदान में आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है।