‘आप’ प्रत्याशी के वायरल वीडियो पर दिल्ली यूथ कांग्रेस ने केजरीवाल पर साधा निशाना

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (30/11/2022): दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए स्वरूप नगर वॉर्ड नंबर 19 से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी जोगिंदर सिंह के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया हैं। इसे लेकर दिल्ली यूथ कांग्रेस ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे लोगों के लिए एक और मौका चाहिए?

दिल्ली यूथ कांग्रेस ने ट्वीट में लिखा है, “स्वरूप नगर वॉर्ड-19 से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी जोगिंदर सिंह के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। ‘आप’ प्रत्याशी अपने दोस्तों के साथ डांस करते हुए तमंचा लहरा रहा है। ऐसे लोगों के लिए एक और मौका चाहिए केजरीवाल को?”

आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी जोगिंद्र सिंह उर्फ ​​बंटी का कल यानी मंगलवार को एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में आप प्रत्याशी जोगिंदर सिंह कुछ लोगों के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में आप प्रत्याशी जोगिंदर सिंह पीले रंग की टी शर्ट पहने हुए हैं और वह अपने पेंट से रिवॉल्वर निकाल कर लहराते हुए नजर आ रहे है। साथ ही वह कैमरे की तरफ रिवॉल्वर तानते हुए दिखाई दे रहे है।।