Delhi MCD Election: कांग्रेस ने जारी किया घोषणा पत्र, इन मुद्दों पर जोर। पढ़ें पूरी रिपोर्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (30/11/2022): दिल्ली में एमसीडी चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो चुकी है। इस बीच बीजेपी संकल्प पत्र और जहां झुग्गी वहीं मकान का वादा जनता से कर रही है। आम आदमी पार्टी 10 गारंटी लेकर आई है और कांग्रेस पार्टी ने भी अपना घोषणापत्र आज जारी कर दिया है और कांग्रेस ने घोषणा पत्र के माध्यम से सीधे तौर पर बेरोजगार युवा को रोजगार देने की घोषणा की है।

कांग्रेस पार्टी के घोषणापत्र में पार्टी ने शीला दीक्षित वाली दिल्ली का जिक्र करते हुए कहा कि अगर एमसीडी चुनाव में कांग्रेस पार्टी आती है, तो मेरी चमकती दिल्ली शीला दीक्षित वाली दिल्ली और दिल्ली की जो अपनी पहचान थी उस पहचान को वापस दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी अग्रसर रहेगी। कांग्रेस पार्टी ने स्वास्थ, साफ पानी, बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के साथ-साथ एमसीडी में आम नागरिकों की भागीदारी को सुनिश्चित करने का फैसला लिया है।

आपको बता दें कि कांग्रेस पार्टी के घोषणापत्र में दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है। इसके साथ ही दिल्ली को कचरा से मुक्त किया जाएगा बीमारी से मुक्त किया जाएगा। तीन कूड़े के पहाड़ दिल्ली में है उसको लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणापत्र में बड़ा दावा किया है कि 18 महीने के अंदर तीनों पहाड़ को कांग्रेस पार्टी समाप्त करने का काम करेगी।

घोषणापत्र में कांग्रेस पार्टी ने वर्ल्ड क्लास शिक्षा वाली दिल्ली का सपना भी दिखाया है। तो वहीं स्वास्थ्य को लेकर भी कांग्रेस पार्टी ने दावा किया है कि वर्ल्ड क्लास स्वास्थ्य की सुविधा दिल्ली में मुहैया कराई जाएगी। इसके साथ ही विश्वस्तरीय पार्किंग सुविधा दिल्ली के लोगों को मुहैया कराई जाएगी। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा पर भी कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणापत्र में जोर दिया है।

 

मेरी चमकती दिल्ली शीला दीक्षित वाली दिल्ली पर आधारित कांग्रेस की घोषणा पत्र में दावा किया गया है कि शहरी गरीबों की सुरक्षा कांग्रेस पार्टी मुहैया कराएगी। आम जनमानस का भागीदारी एमसीडी में होगा। अलग-अलग क्षेत्रों में मॉडल शौचालय बनाए जाएंगे व्यापारी वर्ग को खास ध्यान में रखा गया है। व्यापारियों को लुभाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने घोषणा पत्र में जिक्र किया है कि व्यापार से जुड़े सभी प्रकार के लाइसेंस के लिए एक ऐप बनाया जाएगा ताकि फेयरलेस सुविधा उपलब्ध कराया जा सके।

कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणापत्र में जिक्र किया है कि युवाओं को रोजगार मुहैया कराया जाएगा रिक्त पड़े पदों को भरते हुए और अधिक रोजगार का सृजन किया जाएगा। दिल्ली नगर निगम में काम कर रहे अस्थाई कर्मचारी जिनमें अधिकांश सफाई कर्मचारी हैं दलित समुदाय से आते हैं उन्हें 6 महीने में स्थाई किया जाएगा।

कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणापत्र में यमुना की सफाई पर भी जोर दिया है। प्रवासियों तथा आस्थाओं का शहर दिल्ली को बनाया जाएगा यमुना में प्रदूषण के कारण छठ पर्व को यमुना में मनाने से रोककर पूर्वांचल वासियों के आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया है, ऐसा कांग्रेस पार्टी का दावा है। दिल्ली नगर निगम मोहल्ले में छठ घाटों की संख्या बढ़ाएगी ताकि छठ व्रतियों के आस्था का पर्व छठ मनाया जा सके सभी धर्म समुदाय के आयोजन में दिल्ली नगर निगम पर बढ़ – चढ़कर सुविधाएं सुनिश्चित करेगी।

इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणापत्र में बुलडोजर तंत्र मुक्त निगम पर भी नारा दिया है। इस घोषणापत्र में कांग्रेस पार्टी ने जिक्र किया है कि जब तक गरीबों को मकान का हक अधिकार के तहत पक्का मकान नहीं दिया जाता किसी भी गरीब के घरों पर बुलडोजर चलने नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही नागरिकों के लिए आधुनिक पार्क बनाए जाएंगे, आवारा कुत्ते और बंदरों से दिल्ली को निजात दिलाया जाएगा। लेंटर माफिया मुक्त निगम बनाया जाएगा साफ़ तौर पर कांग्रेस का कहना है कि एमसीडी में जो भ्रष्टाचार एक बड़ा मुद्दा है उसे भी खत्म करने का वादा कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में किया है।

आपको बता दें कि कुल मिलाकर कांग्रेस पार्टी ने जो घोषणा पत्र एमसीडी चुनाव को लेकर जारी किया गया है इसमें सारे वर्ग को साधने की कोशिश की गई है। अब सवाल यह उठता है कि क्या एमसीडी में वोट करने वाली जनता इस बार भाजपा के संकल्प पत्र पर भरोसा करती है। क्या अरविंद केजरीवाल के 10 गारंटी पर वोट करेगी या फिर मेरी चमकती दिल्ली शिला दिक्षित वाली दिल्ली पर आधारित कांग्रेस की घोषणा पत्र पर जनता वोट करेगी यह तो आने वाला वक्त हीं बताएगा।