Delhi MCD Election: AAP को लगा बड़ा झटका, दिग्गज नेता एवं पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष ने थामा BJP का दामन

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (21/11/2022): दिल्ली में एमसीडी चुनाव से पहले दल बदल की राजनीति तेज हो गई है, आम आदमी पार्टी के पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संजय कुमार भगत ने अपने 300 कार्यकर्ताओं के साथ आज भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। संजय कुमार भगत सहित प्रदेश संगठन मंत्री अमरनाथ यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष बीके जायसवाल सहित दर्जनों पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने के बाद आम आदमी पार्टी के पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष रहे संजय कुमार भगत ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पूर्वांचल वासियों का अपमान किया है। संजय भगत ने कहा कि आज आम आदमी पार्टी में पूजा होती है, जिसके पास पैसा होता है। करोड़ों रुपया टिकट के नाम पर आम आदमी पार्टी लेने का काम कर रही है।

 

आम आदमी पार्टी से आए तमाम कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल करवाते हुए दिल्ली बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल ने कहा कि इन लोगों के आने से पार्टी में एक नई मजबूती प्रदान होगी। साथ ही इन लोगों का हम भारतीय जनता पार्टी में स्वागत करते हैं। आजकल आम आदमी पार्टी में सिर्फ पैसों के नाम पर टिकट बंटवारे का काम चल रहा है, जो सबसे कट्टर ईमानदार होने का दावा करते थे वह आज सबसे कट्टर भ्रष्टाचारी हो गए हैं।

तमाम कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल करवाते हुए दिल्ली से बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि संजय कुमार भगत के साथ-साथ उनके तमाम साथियों को भारतीय जनता पार्टी में आने से बीजेपी का पूर्वांचल मोर्चा और मजबूत होगा पार्टी को नई मजबूती प्रदान होगी। आज आम आदमी पार्टी ने जिस तरीके से पूर्वांचल वासियों को अपमानित किया है टिकट देने के नाम पर पैसे वसूलने का काम किया गया है इससे यह सारे लोग परेशान होकर भाजपा में आए हैं।