अशोक गहलोत ने केजरीवाल पर साधा निशाना, हिमाचल में क्यों बंद किए चुनाव प्रचार?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (21/11/2022): राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। दरअसल आम आदमी पार्टी ने पंजाब चुनाव जीतने के बाद हिमाचल और गुजरात में चुनाव प्रचार करना शुरू कर दिया था। वहीं आज राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर अचानक हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार बंद करने का आरोप लगाया है।

साथ ही राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि अचानक हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार बंद करने के पीछे क्या कारण है? क्या ये भारतीय जनता पार्टी को फायदा पहुंचाने के लिए सभी प्रचार बंद किए हैं।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है, “आम आदमी पार्टी गायब हो रही है, हिमाचल प्रदेश में इन्होंने पंजाब का चुनाव जीतने के बाद ही चुनाव प्रचार करना शुरू कर दिया लेकिन अचानक ही उन्होंने सभी प्रचार बंद कर दिए। यहां सवाल है कि इनके पीछे हटने की वजह क्या थी? क्या ये भाजपा को फायदा तो नहीं पहुंचाना चाहते?”

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए 12 नवंबर को मतदान हुआ था और 8 दिसम्बर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।