यमुना को जहरीली यमुना बनाने का काम केजरीवाल सरकार ने किया है: आदेश गुप्ता

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (17/11/2022): दिल्ली नगर निगम चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी साफ-सफाई को मुद्दा बनाकर एक दूसरे पर निशाना साधने में जुटी है। इसी सिलसिले में आज भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कोशोपुर क्षेत्र का दौरा किया। साथ ही उन्होंने मीडिया से बात करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है।

आदेश गुप्ता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि नजफगढ़ नाला दिल्ली का सबसे बड़ा नाला था, आज वो दिल्ली का सबसे गंदा नाला बन गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की जिम्मेदारी थी कि नजफगढ़ नाला में कोई भी पानी गिरे वहां एक ट्रीटमेंट प्लांट लगे।

उन्होंने कहा कि केशोपुर के पास कॉलोनी में आए और यह प्लांट बंद पड़ा हुआ है और गंदा पानी नजफगढ़ ड्रेन में जा रहा है। नजफगढ़ ड्रेन के पास जो एसटीपी प्लांट लगे पड़े हैं वहां पर भी कोई ट्रीटमेंट किया हुआ पानी नहीं गिर रहा है। नजफगढ़ ड्रेन से ये पानी यमुना जी में जाकर गिरता है जो कि बहुत गंदा है।

अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि यमुना को जहरीली यमुना करने का काम अरविंद केजरीवाल ने किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने जहां भी एसटीपी प्लांट लगाए हैं वो अपने स्टैंडर्ड से काम नहीं करता है।

अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि केजरीवाल के पास नजफगढ़ ड्रेन को साफ करने के लिए सिर्फ ₹1 करोड़ का बजट है और प्रचार के लिए ₹800 करोड़ का बजट है। उन्होंने कहा कि नजफगढ़ ड्रेन साफ होगा तो यमुना जी साफ होगा और लोगों को बीमारियों से राहत मिलेगी।

उन्होंने आखिर में कहा कि आज हम दिल्ली सरकार को आईना दिखाने के लिए आए थे कि दिल्ली सरकार ने पिछले 8 सालों में नजफगढ़ ड्रेन की सफाई के मामले में कुछ नहीं किया जिसकी वजह से लोगों को गंदा पानी और प्रदूषित हवा मिल रही है।।