Delhi: BJP द्वारा Kejriwal पर FIR दर्ज करने की मांग, जानें क्या है पूरा मामला

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (14/11/2022): दिल्ली में एमसीडी चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। तमाम पार्टियों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है इस बार के दिल्ली एमसीडी चुनाव में आम आदमी पार्टी और बीजेपी में कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। आम आदमी पार्टी लगातार 15 सालों से शासित एमसीडी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा रही है, और कूड़े को मुद्दा बनाकर बीजेपी को घेरने की कोशिश कर रही है।

वहीं अगर भाजपा की बात करें तो भाजपा एक के बाद एक भ्रष्टाचार का आरोप दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार पर लगा रही है। कभी शराब पर घिरी आम आदमी पार्टी सरकार को भाजपा आइना दिखा रही है, तो कभी डीटीसी में घोटाले का आरोप लगा रही है। आज विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर बिधूड़ी ने जल बोर्ड में घोटाला का आरोप अरविंद केजरीवाल पर लगाया है।

दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड का घोटाला तब हुआ जब अरविंद केजरीवाल जल बोर्ड के चेयरमैन थे, मैं एलजी साहब से आग्रह करना चाहता हूं कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ FIR दर्ज कराई जाए और खातों को सील किया जाए। दिल्ली जल बोर्ड के ऊपर आज 57,895 करोड़ का लोन है, केजरीवाल जी आपने इतने पैसों का क्या किया?