उत्तर प्रदेश – यमुना अथॉरिटी क्षेत्र मेडिकल डिवाइस पार्क बनाने में सबसे आगे है: नन्द गोपाल गुप्ता “नंदी”

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (2 नवंबर 2022): उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता “नन्दी” एवं प्रदेश सरकार में औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जशवंत सिंह सैनी ने नई दिल्ली के द ललित होटल में आयोजित “मेडिकल डिवाइस पार्क इन्वेस्टर सम्मिट/रोड शो” में भाग लिया। कार्यक्रम में देश एवं दुनियाभर से आए हुए मेडिकल क्षेत्र में कार्यरत दिग्गजों से संवाद किया और उन्हें उत्तर प्रदेश में निवेश करने हेतु प्रोत्साहित किया।

आपको बता दें कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 350 एकड़ में मेडिकल डिवाइस पार्क बनाए जाने के प्रस्ताव को भारत सरकार द्वारा 4 जनवरी 2022 को हरी झंडी दे दी गई है।

 

इस बाबत मीडिया से बातचीत करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता “नन्दी” ने कहा ” गए जमाने जब यहां लूटपाट होता था, माफियागिरी चलती थी। यहां मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में आपका निवेश पूर्णत: सुरक्षित है। आज मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरे देश में मिसाल कायम की है। 2017 से 2022 के बीच में उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बना और अब सर्वोत्तम प्रदेश बनने की दिशा में है।

 

साथ ही औद्योगिक विकास मंत्री “नंदी” ने कहा कि आज दुनियाभर में निवेश के लिए उत्तम स्थान भारत है और भारत में सर्वोत्तम स्थान उत्तर प्रदेश है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना तो उत्तर प्रदेश का मुकुट है। मेडिकल डिवाइस पार्क, लॉजिस्टिक हब, जेवर एयरपोर्ट, टॉय पार्क सहित कई अन्य योजनाएं आ रही है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत के तहत देशभर में 4 राज्यों में मेडिकल डिवाइस पार्क बनाने का प्रस्ताव पारित हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश सबसे आगे है।

 

इस दौरान आखिरी में औद्योगिक विकास मंत्री “नंदी” ने कहा कि इससे क्षेत्र में युवाओं को व्यापक स्तर पर रोजगार भी मिलेगा और साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उत्तरप्रदेश 1ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था वाला राज्य बनने जा रहा है।।