17 लाख दीयों से जगमग होगी राम नगरी, पीएम मोदी रहेंगे मौजूद

टेन न्यूज नेटवर्क

अयोध्या (22 अक्टूबर 2022): रामनगरी में होने वाले दीपोत्सव में शनिवार की दोपहर तक 17 लाख दीये लगा दिए जाएंगे। दीपोत्सव को सफल बनाने के लिए 22 हजार स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाई गई है। 37 घाटों पर दीयों को सजाने का काम शुरू कर दिया गया है। इस बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दीपोत्सव में भाग लेंगे। शुक्रवार को राम की पैड़ी के घाटों से दीयों को बिछाने का काम शुरू कर दिया गया। विवि परिसर से बसों से स्वयंसेवकों को लाया गया। यहां घाट समन्वयकों की देखरेख में दीये लगाए जा रहे हैं।

दीपोत्सव के नोडल अधिकारी व विवि सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. अजय प्रताप सिंह ने बताया कि सभी स्वयंसेवक दीपोत्सव पहचान पत्र के साथ घाट पर उपस्थित रहेंगे। बिना पहचान पत्र के स्वयंसेवकों को प्रवेश नहीं दिया जायेगा। दूसरे के पहचान पत्र लेकर चलने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी ओर घाट संख्या दस पर राम दरबार व रामायण कालीन आकृतियां उकेरी गई है। 22 अक्टूबर को गिनीज बुक की टीम बिछाये गये दीयों की गणना करेगी। यह कार्य घाट समन्वयकों व ग्रुप लीडर की उपस्थिति में किए जाएंगे। नोडल अधिकारी ने बताया कि 23 अक्तूबर को उत्तर प्रदेश सरकार के दिए गए 15 लाख दीयों के जलाने का लक्ष्य बहुत आसानी से पूरा करेंगे। इसके लिए स्वयंसेवकों द्वारा 17 लाख दीपों को लगाया व जलाया भी जाएगा।

जगह-जगह लगी LED स्क्रीन अयोध्या की सड़कों को लोक निर्माण विभाग द्वारा गड्ढामुक्त किया जा रहा है। रंगाई पुताई इत्यादि का काम दिनरात चल रहा है। मंडलायुक्त नवदीप रिणवा, डीएम नितीश कुमार ने बताया कि दीपोत्सव के पूर्व प्रमुख स्थानों पर LED स्क्रीन भी लगाई जा रही, जिससे आयोजन स्थल से दूर भी लोग यहां के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम देख सकें।

दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए प्रदेश सरकार और प्रशासन कई तरह के आयोजनो की तैयारी कर रहा है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल में यह पहला दीपोत्सव मनाया जायेगा। दीपोत्सव में जहां तरह तरह की सजी हुए सुन्दर झांकियां निकाली जायेगी वहीं लेजर शो के जरीये से श्रीराम के जीवन से संबंधित दृश्यों को भी लोगों को दिखाया जायेगा।