शिवाजी महाराज के ऐतिहासिक गौरवगाथा के लिए दिल्ली तैयार

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (18/10/2022): भारत का इतिहास देश भक्तों और बलिदानी पुरुषों से भरा पड़ा है। हमारे इतिहास में एक से बढ़कर वीर पैदा हुए, जिन्होंने इतिहास की धारा को मोड़ा, शिवाजी महाराज उनमें से एक थे। शिवाजी महाराज का जन्म एक सामान्य परिवार में हुआ था। लेकिन बचपन से ही वह विदेशी आक्रांताओं को बाहर करने के बारे में सोचते थे। शिवाजी ने आगे चलकर अटक से कटक तक हिंदवी स्वराज का भगवा परचम लहराया। ये विचार केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के हैं। वह लाल किला परिसर में आयोजित राजा शिव छत्रपति महानाट्य के लिए आयोजित भूमिपूजन समारोह में बोल रहे थे।

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि भारत सोने की चिडिया है. जिसे चुराने की साजिश होती रही है। लेकिन अब देश मजबूत हाथों में है। उन्होंने कहा कि शिवाजी के शासन-प्रशासन से हमें सीख लेने की जरूरत है। शिवाजी महाराज ने सेना के साथ ही नौ सेना को भी मजबूत बनाया। समुद्र तट को सुरक्षित किया। उनकी सेना में हर जाति-धर्म के लोग थे।

कार्यक्रम के संयोजक वैभव डांगे ने कहा कि शिवाजी के चरित को समझने के लिए राजा शिव छत्रपति महानाट्य को लोगों के बीच प्रचारित करने की जरूरत है। शिवाजी के चरित्र के साथ ही उनकी शासन-प्रशासन और युद्धनीति को हमें समझने की जरूरत है।

वेभव डांगे ने कहा कि भारतीयों के साथ ही विदेशी राजदूतों को भी नाटक देखने के लिए आमंत्रित किया गया है। लगभग पांच हजार विदेशी मेहमानों को नाटक दिखाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए नाटक का अंग्रेजी में अनुवाद की भी व्यव्स्ता की गयी है। इसके साथ ही विभिन्न स्कूलों में शिवाजी के जीवन चरित्र पर प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। जिसमें दिल्ली के 20 हजार छात्रों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।

भूमि पूजन के साथ ही शिवाजी महाराज के जन्म से लेकर क्षत्रपति बनने तक की ऐतिहासिक गौरवगाथा के लिए दिल्ली तैयार है। संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से 2 से 6 नवम्बर 2022 को लाल किला दिल्ली में होगा।

दिल्ली का लालकिला दूसरी बार राजा शिव छत्रपति महानाट्य का गवाह बनेगा। पहली बार साल 2018 में लालकिला दिल्ली इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना था। इस बार महानाट्य का मंचन आजादी के अमृतकाल में हो रहा है।

इस महानाट्य का भारत, अमरीका और इंग्लैंड सहित दुनियाभर में 1000 से ज्यादा मंचन हो चुका है। चार मंजिला रंगमंच, 250 से ज्यादा कलाकार और घोड़े पर सवार सैन्यबल हमारे भीतर क्षत्रपति शिवाजी के जीवन चरित्र को उतारते चले जाते हैं। तोप, हाथी, घोड़े पर सवार सैनिक राजा शिव छत्रपति माहाट्य को सजीव बना देते हैं। भूमि पूजन कार्यक्रम में दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष, भाजपा नेता श्याम जाजू, पूर्व मेयर जेपी अग्रवाल, भाजपा नेता अशोक गोयल और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।