Bharat Jodo Yatra: प्रेस कांफ्रेंस में RSS और BJP पर हमलावर हुए Rahul Gandhi

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (8 अक्टूबर 2022): भारत जोड़ो यात्रा का शनिवार को 31वां दिन है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में यह यात्रा शनिवार को तुमकुरू के मायासांद्र से शुरू हुई। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी यात्रा के 31वें दिन प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव में उनका कोई विचार नहीं है, दोनों उम्मीदवार अपने क्षमता से चुनाव लड़ रहे हैं।

राहुल गांधी ने प्रेस कांफ्रेंस में आरएसएस और वीर सावरकर पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मेरी समझ में आरएसएस अंग्रेजों की मदद कर रहा था और सावरकर को अंग्रेजों से स्टाइपेंड मिल रहा था। स्वतंत्रता संग्राम में भाजपा कहीं नहीं थी। भाजपा ऐसे तथ्यों को छिपा नहीं सकती। कांग्रेस और उनके नेताओं ने आजादी के लिए लड़ाई लड़ी।”

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भाजपा पर भी हमलावर दिखे। उन्होंने कहा, “हम फासीवादी पार्टी नहीं है । हम एक ऐसी पार्टी हैं जो बातचीत में विश्वास करती है और हम विभिन्न दृष्टिकोणों का स्वागत करते हैं। हम जानते हैं कि चुनाव जीतने के लिए हमें एक टीम के रूप में काम करना होगा। देश में नफरत और हिंसा फैलाना राष्ट्रविरोधी कृत्य है। हम नफरत और हिंसा फैलाना वाले किसी भी व्यक्ति से लड़ेंगे। हमारा संविधान कहता है कि भारत राज्यों का एक संघ है इसका मतलब है कि हमारी सभी भाषाओं , राज्यों, परंपराओं, का समान रूप से महत्वपूर्ण स्थान है। यही हमारे देश का स्वभाव है।”